बंदियों से संवाद कर सुनी समस्याएं, कानूनी सहायता और मानवाधिकार संरक्षण पर दिए सख्त निर्देश
सक्ती, 03 अप्रैल 2026। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयदीप गर्ग द्वारा आज नवीन उपजेल सक्ती का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं और पूरे जेल परिसर की स्वच्छता का गहन अवलोकन किया।
जेल के विभिन्न बैरकों का निरीक्षण, क्षमता और साफ-सफाई की स्थिति का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने जेल के विभिन्न बैरकों का भ्रमण किया और वहां की क्षमता, व्यवस्थाओं तथा स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
जेल की रसोई का निरीक्षण, भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान
माननीय न्यायाधीश ने जेल की रसोई का भी निरीक्षण किया और बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता तथा शुद्धता की जांच की। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक और स्वच्छ भोजन समय पर उपलब्ध कराया जाए।
बंदियों को कानूनी अधिकारों की जानकारी, निःशुल्क विधिक सहायता पर जोर
निरीक्षण के दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। न्यायाधीश ने निर्देश दिए कि जो बंदी आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं और वकील रखने में असमर्थ हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण, दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
उपजेल के चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस संबंध में भी आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था और जेल मैनुअल के पालन पर सख्त निर्देश
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल प्रशासन को सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने और जेल मैनुअल के नियमों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों के मानवाधिकारों का संरक्षण और जेल परिसर में अनुशासन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शैलेश चौहान, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शुभदा गोयल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर मनोज कुमार कुशवाहा, सहायक जेल अधीक्षक विजय पटेल सहित समस्त जेल स्टाफ और पैरालीगल वालेंटियर मनीष साहू उपस्थित रहे।















































