राजधानी रायपुर में ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख मार्गों की पहचान बदलने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के पुराने और चर्चित सिटी कोतवाली चौक का नाम अब ‘जैन स्तंभ चौक’ करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
राजधानी रायपुर में ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख मार्गों की पहचान बदलने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के पुराने और चर्चित सिटी कोतवाली चौक का नाम अब ‘जैन स्तंभ चौक’ करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह प्रस्ताव मेयर-इन-काउंसिल से मंजूरी मिलने के बाद अब अंतिम स्वीकृति के लिए सामान्य सभा में पेश किया जाएगा।
इसी कड़ी में शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। लाखे नगर चौक पर सुकमा में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरेपुंजे की प्रतिमा लगेगी, जबकि साइंस कॉलेज गार्डन में मेजर यशवंत गोविंद गोरे और शंकर नगर सेक्टर-2 में मेजर सत्य प्रदीप दत्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयुर्वेदिक कॉलेज गेट पर वीर सावरकर की प्रतिमा लगाने की भी तैयारी है।
सिर्फ चौक ही नहीं, शहर के प्रमुख मार्गों के नाम भी बदले जाएंगे। देवेंद्र नगर से पंडरी कपड़ा मार्केट तक जाने वाली सड़क को “अयोध्या प्रसाद जैन मार्ग” नाम दिया जाएगा, वहीं वार्ड-15 में मारुति मंगलम से दही हांडी मैदान तक का मार्ग “महेश पथ” के नाम से जाना जाएगा।
नगर निगम की इस पहल को शहर की नई सांस्कृतिक पहचान गढ़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इन बदलावों से रायपुर की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और नई पीढ़ी को भी शहर के गौरवशाली अतीत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।















































