सक्ती जिले के डभरा में दर्दनाक वारदात — पिता की हत्या कर फरार हुआ पुत्र गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल!

SHARE:

ग्राम रामभांठा में घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला

जिला सक्ती के थाना डभरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामभांठा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार एक पुत्र द्वारा अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।


बिजली कनेक्शन विवाद बना हत्या की वजह, लोहे के पाइप से किया गया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी सुमित कुमार महिलांगे (उम्र 35 वर्ष) का अपने पिता मनबोध महिलांगे से बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने लोहे के पाइप से गंभीर हमला कर दिया, जिससे सिर, चेहरा और आंख पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही पिता की मौत हो गई।


घटना के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही थाना डभरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रा.पु.से.) के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।


हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद, FSL टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप आरोपी के कब्जे से जब्त कर लिया। साथ ही FSL टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, मर्ग पंचनामा, साक्ष्य संकलन एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए।


थाना डभरा में अपराध दर्ज, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

थाना डभरा में अपराध क्रमांक 97/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

पूरे मामले में पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे आगे की विधिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा सका।

 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई