“ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आमाघाट में पकड़ी गई हजारों अफीम की फसल
रायगढ़, 21 मार्च 2026। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम पौधे और तैयार अफीम बरामद की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

🔴 मुखबिर की सूचना पर देर रात दबिश, खेतों में लहलहाती मिली अफीम की अवैध फसल
पुलिस को 19-20 मार्च की रात गुप्त सूचना मिली थी कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर अवैध अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तमनार ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। रेड कार्रवाई के दौरान खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल लगी हुई पाई गई।

🔴 एक आरोपी गिरफ्तार, दो मौके से फरार—झारखंड से आकर कर रहे थे अवैध खेती
कार्रवाई के दौरान खेत में मौजूद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी (झारखंड) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध अफीम की खेती कर रहा था। दोनों सहयोगी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
🔴 60 हजार से अधिक अफीम पौधे और तैयार अफीम जब्त, कुल कीमत 2 करोड़ से ज्यादा
मौके पर पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने जांच के बाद कुल 60,326 अफीम पौधे (लगभग 2,877 किलोग्राम) जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्त मादक पदार्थों की कीमत 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये से अधिक है।
🔴 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश
पूरे मामले में थाना तमनार में आरोपी मार्शल संगा सहित इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (बी) और 18 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
🔴 एसएसपी का सख्त संदेश—नशे के अवैध कारोबार पर जारी रहेगी कड़ी कार्रवाई
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














































