सक्ती- कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं खनि अधिकारी के. के. बंजारे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग का उड़नदस्ता दल जिले में खनिजों के अवैध परिवहन पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में खनि निरीक्षक टुमेश कुमार ध्रुव एवं उड़नदस्ता टीम ने आज ग्राम जैजैपुर एवं ग्राम चन्द्रपुर में विशेष कार्रवाई की।
जैजैपुर में रेत और ईंट के अवैध परिवहन का खुलासा
ग्राम जैजैपुर में कार्रवाई के दौरान रेत के अवैध परिवहन के 02 प्रकरण एवं ईंट के 01 प्रकरण पाए गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को जब्त किया।
चन्द्रपुर में चूनापत्थर के अवैध परिवहन पर कार्रवाई
वहीं ग्राम चन्द्रपुर में चूनापत्थर के अवैध परिवहन के 03 प्रकरण सामने आए, जिन पर खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहनों को कब्जे में लिया।
कुल 06 वाहन जब्त, थानों में सुरक्षित रखे गए
पूरे अभियान के दौरान कुल 06 वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना जैजैपुर एवं चन्द्रपुर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
नियमों के तहत आगे की विधिक कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रकरणों पर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर लगातार निगरानी जारी
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर खनिज विभाग द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।















































