सक्ती। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज सक्ती विकासखंड की ग्राम पंचायत रगजा में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की भागीदारी, 538 आवेदन हुए प्राप्त
क्लस्टर रगजा में आयोजित इस शिविर में रगजा, जाजंग, गढगोढी, मरकामगोढी, अमलडीहा, मसनियाकला, तेन्दुटोहा, पतेरापालीखुर्द, जोंगरा, जुडगा, आमापाली, बैलाचुंवा, बोरदा, डोडकी, नावापाराखुर्द, कांदानारा, सकरेलीकला, नंदेली एवं हरदा सहित 19 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
शिविर में कुल 538 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें त्वरित समाधान योग्य प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर भेजा गया।
जनप्रतिनिधियों ने किया स्टॉल निरीक्षण, योजनाओं की ली जानकारी
शिविर में सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर एवं जिला पंचायत सीईओ वासु जैन सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी दौरान सांसद ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में अपना बीपी भी चेक कराया।
जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर दिया गया जोर
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है और शिविरों का उद्देश्य सीधे गांव स्तर पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयसीमा में गंभीरता से निराकरण किया जाए तथा बिजली-पानी जैसी मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान हो।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य जनता की समस्याओं को नजदीक से सुनकर तुरंत समाधान करना है, वहीं जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने इसे शासन और जनता के बीच विश्वास एवं जवाबदेही को मजबूत करने वाली पहल बताया।
विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर वितरित
शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जिनमें शिक्षा विभाग द्वारा गणवेश व सहायक उपकरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं चाबी, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा बिहान समूह की महिलाओं को डेमो चेक शामिल हैं।
इसके साथ ही स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही व्यापक उपस्थिति
शिविर में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन की सक्रिय उपस्थिति रही।















































