कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन में सुनी गईं आमजन की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए तत्काल निराकरण के निर्देश
सक्ती। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी Amrit Vikas Topno ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए नियमानुसार शीघ्र और प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
राजस्व, राशन, पेंशन और आवास जैसी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीण
जनदर्शन में तहसील हसौद अंतर्गत ग्राम झरप निवासी रामप्यारे बंजारे ने राजस्व अभिलेख में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन दिया। वहीं तहसील सक्ती के ग्राम सिंघनसरा निवासी राधेश्याम राठौर ने कृषक जीवन ज्योति योजना का लाभ दिलाने की मांग की। ग्राम अमोदा निवासी ज्योति सारथी ने चार माह से चावल का आवंटन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई।
मनरेगा आवास राशि और पेयजल सुविधा की भी उठी मांग
तहसील सक्ती के ग्राम जोंगरा निवासी अमृतलाल सिदार ने मनरेगा के तहत स्वीकृत आवास की राशि दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। वहीं ग्राम अखराभाठा वार्ड क्रमांक 10 निवासी घासीराम खर्रा ने पेयजल समस्या को देखते हुए बोर खनन की मांग रखी। इसके अलावा तहसील मालखरौदा के ग्राम सतगढ़ निवासी अघोरी दास महंत ने वृद्धा पेंशन दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
हर मंगलवार आयोजित होता है जनदर्शन, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन आयोजित किया जाता है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ Vasu Jain, अपर कलेक्टर Birendra Lakra सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।














































