सारंगढ़-बिलाईगढ़ में eDAR/iRAD प्रशिक्षण: सड़क दुर्घटनाओं की जांच और मुआवजा प्रक्रिया होगी तेज, सभी थाना प्रभारी हुए प्रशिक्षित

SHARE:

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 2 फरवरी। सड़क दुर्घटनाओं की जांच प्रक्रिया को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने अहम पहल की है। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन में जिला पुलिस कार्यालय के मीटिंग हॉल में eDAR/iRAD से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं सेमिनार का आयोजन किया गया।

जिले के सभी थाना प्रभारी और CCTNS प्रभारी रहे मौजूद

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, अविनाश मिश्रा, एसडीपीओ स्नेहिल साहू एवं उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस की उपस्थिति रही। जिले के सभी थाना प्रभारी और CCTNS प्रभारी सेमिनार में शामिल हुए।

eDAR पोर्टल से एक ही प्लेटफॉर्म पर जुड़ेंगे विभाग

eDAR (Electronic Detailed Accident Report) सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और बीमा कंपनियां एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जुड़ती हैं। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और पीड़ितों को शीघ्र न्याय व मुआवजा दिलाना है।

मोबाइल ऐप से मौके पर ही होगी दुर्घटना की एंट्री

प्रशिक्षण eDAR के तकनीकी स्टाफ दुर्गा प्रसाद प्रधान (NIC) द्वारा दिया गया। इसमें बताया गया कि जांच अधिकारी दुर्घटना स्थल से ही मोबाइल ऐप के जरिए घटना का पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे पीड़ितों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, MACT में मामलों का त्वरित निराकरण होगा और बीमा क्लेम समय पर प्राप्त हो सकेगा।

डेटा से होगी दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की पहचान

eDAR पोर्टल पर एकत्रित आंकड़ों के आधार पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान आसान होगी, जिससे भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जा सकेगी।

राहवीर योजना और हिट एंड रन मामलों की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान राहवीर योजना एवं हिट एंड रन मामलों के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले “राह-वीरों” को 25 हजार रुपये की नगद राशि और प्रशंसा पत्र प्रदान किया जाएगा।

लॉग-इन से फाइनल रिपोर्ट तक पूरा प्रशिक्षण

शिविर में शामिल अधिकारियों को पोर्टल पर लॉग-इन करने से लेकर फाइनल रिपोर्ट सबमिट करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई