एनएच-153 ग्राम तेतला में यातायात पुलिस की कार्रवाई, बिना हेलमेट वाहन चालकों पर चालान, नि:शुल्क हेलमेट वितरित

SHARE:

रायगढ़, 28 जनवरी 2026।  सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत रायगढ़ जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में राष्ट्रीय राजमार्ग-153 के ग्राम तेतला क्षेत्र में यातायात पुलिस रायगढ़ द्वारा बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए।


सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने चलाया जा रहा विशेष अभियान

जिला पुलिस द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर वाहन चालकों को नियमों के पालन का महत्व समझाया जा रहा है।


चालानी कार्रवाई के साथ सुरक्षा का संदेश

आज राष्ट्रीय राजमार्ग-153 पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसके पश्चात वाहन चालकों को हेलमेट की उपयोगिता बताते हुए नि:शुल्क हेलमेट प्रदान किए गए, ताकि भविष्य में वे सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर सकें।


एडिशनल एसपी व ट्रैफिक डीएसपी ने स्वयं वितरित किए हेलमेट

कार्यक्रम के दौरान एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने स्वयं वाहन चालकों को हेलमेट प्रदान कर नियमित उपयोग का महत्व समझाया। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है।


एसएसपी की अपील—लापरवाही न करें, नियमों का पालन करें

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जीवन अमूल्य है और थोड़ी सी लापरवाही इसे खतरे में डाल सकती है। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें।


पुलिस स्टाफ एवं सहयोगी संस्थाएं रहीं उपस्थित

कार्यक्रम में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के साथ थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रामकिंकर यादव, यातायात थाना एवं थाना पुसौर का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अडानी ग्रुप का विशेष सहयोग रहा।


आगे भी जारी रहेंगे जागरूकता कार्यक्रम

यातायात जागरूकता अभियान के तहत आगामी दिनों में महिला समूहों के साथ महिला पुलिसकर्मियों द्वारा हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई