डीएमएफ कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए सख्त निगरानी के निर्देश

SHARE:

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अप्रारंभ कार्य जल्द शुरू कराने और तय समय में पूरा करने पर दिया जोर, हर सप्ताह होगी प्रगति की समीक्षा

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। सभी स्वीकृत कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए।

विभागवार और निकायवार कार्यों की हुई समीक्षा

डीएमएफ प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में कलेक्टर ने वर्ष 2026-27 सहित पूर्व वर्षों में स्वीकृत कार्यों की विभागवार, जनपद पंचायतवार और नगरीय निकायवार समीक्षा की। इस दौरान अप्रारंभ, प्रारंभ, प्रगतिरत और पूर्ण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से टेंडर प्रक्रिया, कार्यादेश जारी होने की स्थिति, उपयोगिता प्रमाण-पत्र और पूर्णता प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। डीएमएफ राशि के उपयोग में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

अप्रारंभ कार्यों को जल्द शुरू कराने के निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि बारिश का मौसम लगभग समाप्त हो चुका है। ऐसे में जो कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें जल्द प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यशील मौसम को ध्यान में रखते हुए उचित कार्ययोजना तैयार करने और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि डीएमएफ के कार्यों की प्रगति की हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारी केवल कार्यालय स्तर पर रिपोर्ट की समीक्षा करने के बजाय स्वयं कार्यस्थलों का निरीक्षण करें और निर्माण में सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर कराएं।

इंजीनियरों को फील्ड विजिट पर जोर

कलेक्टर ने सभी इंजीनियरों को नियमित अंतराल में फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति मौके पर जाकर ही बेहतर तरीके से जांची जा सकती है। निरीक्षण के दौरान यदि गुणवत्ता या कार्य की प्रगति में कमी मिलती है तो उसका तत्काल निराकरण कराया जाए।

शिक्षा और स्वास्थ्य के कार्यों पर विशेष निगरानी

बैठक में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में मरम्मत के लिए स्वीकृत कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि इन कार्यों का सीधा संबंध आम लोगों और विद्यार्थियों की सुविधाओं से है, इसलिए इनकी गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने संबंधित विभागों को इन कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्माण को मजबूती एवं गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment