सरिया क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, ग्रामीणों ने मंत्री के सामने रखीं आवास समेत अपनी समस्याएं
सारंगढ़-बिलाईगढ़। महानदी के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रविवार सुबह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और बाढ़ की स्थिति के साथ उनकी समस्याओं और राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कन्या शाला के राहत शिविर में ग्रामीणों से की मुलाकात
मंत्री चौधरी ने सबसे पहले सरिया स्थित कन्या शाला में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं। ग्रामीणों ने आवास सहित अपनी अन्य आवश्यकताओं और समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
मंत्री ने ग्रामीणों से बाढ़ की वर्तमान स्थिति, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों तथा शिविर में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
नाव से जलमग्न ठेंगागुड़ी पहुंचे मंत्री
राहत शिविर का जायजा लेने के बाद ओपी चौधरी ग्राम बोरिदा पहुंचे। यहां से वे राहत एवं बचाव दल के साथ नाव में सवार होकर जलमग्न ग्राम ठेंगागुड़ी के लिए रवाना हुए।
ठेंगागुड़ी पहुंचकर उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और मौके पर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी भी ली गई।
इसके बाद मंत्री ग्राम तोरा पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर बाढ़ और जलभराव से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली।
राहत और बचाव में मैदानी अमला सक्रिय
बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रही हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और ग्राम कोटवार सहित मैदानी अमला गांव-गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रभावित ग्रामीणों को जरूरत के अनुसार राहत शिविरों, शासकीय चौपालों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत शिविरों में भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
एसडीआरएफ और नगर सेना की टीमें तैनात
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एसडीआरएफ और नगर सेना की टीमें तैनात हैं। स्वास्थ्य विभाग का अमला भी प्रभावित इलाकों में सक्रिय है। प्रशासन द्वारा जलस्तर, जलभराव वाले रास्तों और प्रभावित बस्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
स्थिति के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत-बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मंत्री के दौरे के दौरान प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
ओपी चौधरी के दौरे के दौरान जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने मंत्री को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और अब तक की गई राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जरूरत के अनुसार उन्हें समय पर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए मैदानी अमला लगातार सक्रिय है।






























