बेकाबू ट्रक ने 15 बकरियों को कुचला, LPG ट्रक और केमिकल टैंकर को भी मारी टक्कर

SHARE:

समडमा गांव के पास हादसे से मची अफरा-तफरी, दुर्घटना के बाद चालक फरार; तपकरा पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच

जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत समडमा गांव के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रही बकरियों के झुंड में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की चपेट में आने से 15 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका और आगे जाकर एलपीजी सिलेंडरों से लदे एक ट्रक तथा केमिकल टैंकर को भी टक्कर मार दी।

मोड़ पर चालक ने खोया नियंत्रण

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच ट्रक क्रमांक सीजी-15 ईए 1506 अंबिकापुर से ओडिशा की ओर जा रहा था। इसी दौरान समडमा गांव के पास सड़क के एक मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज गति से चल रहा था।

नियंत्रण से बाहर हुआ ट्रक सड़क किनारे मौजूद बकरियों को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। अचानक हुए इस हादसे में 15 बकरियों की मौत हो गई। हादसे के बाद भी ट्रक चालक ने वाहन को तत्काल नहीं रोका और आगे बढ़ता चला गया।

LPG सिलेंडरों से भरे ट्रक को भी मारी टक्कर

बकरियों को कुचलने के बाद बेकाबू ट्रक कुछ दूरी पर एक एलपीजी गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक से जा भिड़ा। एलपीजी लोड ट्रक का क्रमांक एमएच-04 जीआर 3319 बताया गया है। टक्कर काफी तेज होने के कारण एलपीजी लदे वाहन को नुकसान पहुंचा।

इसके बाद अनियंत्रित ट्रक एक केमिकल टैंकर से भी टकरा गया। लगातार तीन वाहनों के बीच हुई टक्कर के बाद जाकर ट्रक रुका। हादसे के चलते घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सड़क पर बिखरे मिले बकरियों के शव

हादसे के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान-मजदूर और सड़क से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंच गए। सड़क पर बकरियों के शव बिखरे पड़े थे। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।

इसी बीच दुर्घटना करने वाला ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने ट्रक किया जब्त, चालक की तलाश जारी

सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस घटना के दौरान ट्रक की गति, चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोने की परिस्थितियों और तीन वाहनों के बीच हुई टक्कर से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यह पूरा मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment