साइबर ठगी के नए तरीकों पर रायगढ़ पुलिस की शॉर्ट फिल्म, एसएसपी समेत अधिकारी निभा रहे किरदार

SHARE:

साइबर जागृति अभियान के तहत अनोखी पहल, म्यूल अकाउंट से APK फाइल तक ठगी के तरीके कहानी के जरिए समझाएगी पुलिस

रायगढ़। साइबर अपराधों के बदलते तौर-तरीकों को आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने जागरूकता की एक नई पहल शुरू की है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत पुलिस एक शॉर्ट फिल्म तैयार कर रही है। खास बात यह है कि फिल्म में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ही अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आएंगे।

ठगी के तरीकों को कहानी के जरिए समझाने की कोशिश

शॉर्ट फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न तरीकों को कहानी और दृश्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है। इसमें म्यूल अकाउंट, APK फाइल सहित साइबर ठगी के अन्य तरीकों को शामिल किया गया है।

फिल्म में यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि साइबर अपराधी किस तरह अलग-अलग तकनीकों और झांसे का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और उनकी मेहनत की कमाई पर निशाना साधते हैं।

पुलिस कंट्रोल रूम में भी हुई शूटिंग

फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है। इसके महत्वपूर्ण दृश्यों को पुलिस कंट्रोल रूम में भी फिल्माया गया है। शूटिंग के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह के अलावा कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी कलाकारों की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म में अनिल सोनी, मयंक मिश्रा, उत्तम प्रताप सिंह, राकेश मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, सानिया गुप्ता, लीना ठाकुर, दीपेश महंत और हर्ष बैरागी सहित पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी अलग-अलग किरदार निभा रहे हैं।

ऋभू समर्थ सिंह ने तैयार की कहानी और निर्देशन

इस शॉर्ट फिल्म की कहानी और निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है। फिल्म को साइबर जागृति अभियान के उद्देश्य के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि तकनीकी रूप से जटिल साइबर अपराधों को आम लोगों के लिए सहज और समझने योग्य बनाया जा सके।

पुलिस का मानना है कि केवल एडवाइजरी जारी करने के बजाय कहानी और दृश्य माध्यम से लोगों को ठगी के तरीकों की जानकारी देने से वे संभावित साइबर अपराधों को बेहतर तरीके से समझ और पहचान सकेंगे।

हर सप्ताह नए कॉन्सेप्ट से जागरूकता अभियान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि साइबर जागृति अभियान के तहत हर सप्ताह अलग-अलग कॉन्सेप्ट के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में यह शॉर्ट फिल्म तैयार की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फिल्म किसी लघु फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और उन्हें ऑनलाइन ठगी के मामलों में सतर्क रहने के लिए जागरूक करना है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment