कहा—शहरों का विकास आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर हो
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारी के साथ प्रदेश और जनता की सेवा करने का आह्वान किया।
भविष्य की जरूरतों के अनुरूप हो शहरी विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहरों का विकास केवल वर्तमान की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर नहीं किया जाना चाहिए। नियोजन ऐसा हो, जिससे आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी पूरा किया जा सके। उन्होंने सुनियोजित और दूरदर्शी शहरी विकास को प्रदेश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
राज्य गठन के बाद पहली बार एक साथ 21 नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से विभाग की कार्यक्षमता को मजबूती मिलेगी और प्रदेश में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को बेहतर एवं सुनियोजित दिशा देने में सहायता मिलेगी।
परिवारों की उम्मीदों पर खरा उतरने की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री साय ने नवचयनित अधिकारियों के माता-पिता और परिजनों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर योग्य बनाना और उन्हें जिम्मेदार पद पर प्रदेश एवं जनता की सेवा करते देखना माता-पिता के लिए गर्व का क्षण होता है।
उन्होंने कहा कि आज इन युवाओं के जीवन में नई जिम्मेदारी की शुरुआत हुई है। उनके साथ उनके परिवार की अपेक्षाएं और प्रदेश की उम्मीदें भी जुड़ी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की।
शहरी नियोजन को मिलेगी नई मजबूती
21 सहायक संचालकों की नियुक्ति से नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के मैदानी और योजनागत कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे प्रदेश में शहरी विस्तार, विकास योजनाओं और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नियोजन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।






























