छत्तीसगढ़ में सामान्य बारिश के करीब पहुंचा मानसून, 2% की कमी बाकी; 12 जिलों में यलो अलर्ट

SHARE:

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून सामान्य बारिश के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है और इसके प्रभाव से कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। हालांकि शुक्रवार से मानसूनी गतिविधियों के कमजोर पड़ने के संकेत हैं, जिसके बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है।

12 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी और कोरिया में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

वहीं रायपुर समेत प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

सामान्य बारिश से सिर्फ 2% पीछे

26 अगस्त तक प्रदेश में 863.9 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा का आंकड़ा 882.4 मिमी है। इस तरह प्रदेश में सामान्य से महज करीब 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

मानसून के दौरान लगातार हुई अच्छी बारिश से प्रदेश में बारिश की कमी लगभग खत्म हो गई है। आने वाले दिनों में यदि कुछ और बारिश होती है तो छत्तीसगढ़ सामान्य वर्षा के आंकड़े को छू सकता है।

शुक्रवार से बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल मानसून सक्रिय है, लेकिन शुक्रवार से इसकी गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं। इसके चलते प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम हो सकती है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण बारिश का दौर जारी रह सकता है।

रायपुर में भी बदला रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में गुरुवार को बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गरज-चमक के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज बारिश के समय अनावश्यक रूप से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment