महासमुंद में अमानक पनीर पर बड़ी कार्रवाई, वैद्य फूड का 300 किलो पनीर सील

SHARE:

महासमुंद। जिले में अमानक पनीर के मामले को लेकर प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड के पनीर का लैब सैंपल जांच में निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

शिकायत के बाद 300 किलो पनीर किया गया था सील

जानकारी के मुताबिक नकली पनीर की शिकायत मिलने के बाद 16 अगस्त की रात संयुक्त टीम ने वैद्य फूड पर कार्रवाई की थी। इस दौरान करीब 300 किलो पनीर सील किया गया था। टीम ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे थे।

19 अगस्त को सामने आई जांच रिपोर्ट में पनीर निर्धारित खाद्य मानकों पर खरा नहीं उतरा। रिपोर्ट के अनुसार जांच में पाया गया पनीर मानव उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं था।

तहसीलदार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम पहुंची

जांच रिपोर्ट के बाद गुरुवार को तहसीलदार जुगल किशोर पटेल और फूड एंड सेफ्टी विभाग के जिला अधिकारी उमेश वर्मा के नेतृत्व में टीम वैद्य फूड पहुंची। मौके पर सील की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की निगरानी भी बढ़ा दी है।

बाजार में सप्लाई को लेकर उठे सवाल

अमानक पनीर की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि पनीर मानव उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं था, तो कहीं इसकी बाजार में सप्लाई तो नहीं की जा रही थी। प्रशासन मौके से मिले तथ्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।

खाद्य सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

फिलहाल वैद्य फूड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत क्या वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, यह आगे की प्रक्रिया में स्पष्ट होगा। अमानक पनीर की रिपोर्ट ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment