अवैध प्रवासियों की जांच, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और जुआ-सट्टा व नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशानुसार पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जुलाई माह के दौरान विभिन्न थानों द्वारा अपराध नियंत्रण एवं पुलिस अभियानों के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
बैठक में लंबित अपराधों का शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एएसपी अनिल सोनी ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार सक्रिय रहने कहा।
अवैध प्रवासियों की जांच पर विशेष जोर
बैठक की शुरुआत में एएसपी ने जिले में चलाए जा रहे अवैध प्रवासियों की जांच, ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन शंखनाद, ऑपरेशन क्लीन हंट, ऑपरेशन अंकुश एवं अभियान संवेदना के तहत जुलाई 2026 में की गई कार्रवाई के आंकड़ों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि अवैध प्रवासियों की जांच जितनी बारीकी और गंभीरता से की जाएगी, उसका सकारात्मक प्रभाव अपराध नियंत्रण पर भी दिखाई देगा। कई बार बाहरी तत्व चोरी, लूट सहित अन्य वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। ऐसे में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनके ठहरने की जानकारी रखना महत्वपूर्ण है।
होटल और मकान मालिकों की जिम्मेदारी तय
एएसपी अनिल सोनी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अभियान चलाकर होटल संचालकों और मकान मालिकों से उनके यहां ठहरने वाले व्यक्तियों एवं किरायेदारों की जानकारी जुटाएं।
उन्होंने संबंधित जानकारी ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से अपलोड कराने के भी निर्देश दिए, ताकि जिले में आने वाले बाहरी व्यक्तियों की जानकारी व्यवस्थित रूप से पुलिस रिकॉर्ड में उपलब्ध रहे और आवश्यकता पड़ने पर उनकी पहचान एवं सत्यापन किया जा सके।
बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस अभियानों को प्रभावी बनाने और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।















































