धरमजयगढ़ में लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की कार्रवाई : आम की लकड़ियों से भरा ट्रक जब्त

SHARE:

बोरो वन परिक्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, चालक नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज

रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत बोरो वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आम प्रजाति की लकड़ियों से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। चालक लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, बोरो वन परिक्षेत्र की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रूहांफूल क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ी ट्रक के माध्यम से बाहर भेजी जा रही है।

सूचना मिलते ही बोरो रेंजर उमाशंकर पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रूहांफूल–धरमजयगढ़ मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।

ट्रक में मिली आम की लकड़ियां

जांच के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में आम प्रजाति के लकड़ी के गोले लोड मिले। वन विभाग द्वारा परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक को जब्त कर रेंज कार्यालय लाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक में करीब 6 चट्टा लकड़ी लोड थी।

कीमत का आकलन, आगे होगी कानूनी कार्रवाई

बोरो रेंजर उमाशंकर पटेल ने बताया कि जब्त लकड़ी की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत का आकलन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई