वन महोत्सव 2026 : मुख्यमंत्री ने ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान का किया शुभारंभ, मां के नाम लगाया पीपल का पौधा

SHARE:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वन महोत्सव-2026 के अवसर पर नया रायपुर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपनी मां के नाम पर पीपल का पौधा लगाकर प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधों का रोपण किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को जीवनदाता माना गया है। विशेष रूप से पीपल का वृक्ष आस्था, आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पीपल को सर्वाधिक ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों में माना जाता है और यह जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

राज्य सरकार का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना तथा लोगों को वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपने परिवार और समाज के साथ मिलकर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई