बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रतनपुर रोड पर हुए इस हादसे में एक साथ कई गौवंशों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
गतौरी के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर-रतनपुर मार्ग स्थित गतौरी के पास देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर मौजूद गौवंशों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि इसकी चपेट में 10 गौवंश आ गए।
9 गौवंशों की मौके पर मौत
हादसे में 9 गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गौसेवक मौके पर पहुंचे।
घायल बछड़े को तत्काल छतौना स्थित गौ सेवा धाम पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद गौसेवकों और स्थानीय लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।















































