खाद्य सुरक्षा रायगढ़ : नकली पनीर और अमानक डेयरी उत्पादों पर सख्ती, कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

SHARE:

डेयरी एनालॉग उत्पादों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन का अभियान तेज, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

रायगढ़। उपभोक्ताओं को मिलावटी एवं अमानक डेयरी उत्पादों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन रायगढ़ ने जिले में डेयरी एनालॉग (नकली पनीर, क्रीम एवं मक्खन) के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर प्रतिबंध के निर्देशों का कड़ाई से पालन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर और आसपास के प्रमुख डेयरी प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

डेयरी प्रतिष्ठानों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों की स्वच्छता व्यवस्था, उत्पादन प्रक्रिया और आवश्यक अभिलेखों की जांच की। संदिग्ध डेयरी उत्पादों के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।

फ्रेसशेल डेयरी से लिए गए नमूने
बड़े रामपुर स्थित फ्रेसशेल डेयरी के निरीक्षण में डेयरी एनालॉग पनीर का उत्पादन या भंडारण नहीं मिला। हालांकि, संदेह के आधार पर प्रतिष्ठान से दही और पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए।

अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
शहर के गणगौर स्वीट्स से पनीर एवं यूज्ड कुकिंग ऑयल के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए। इसके अलावा जूटमिल स्थित मामा डेयरी, गणेश डेयरी और सुश्री होटल का निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार के डेयरी एनालॉग उत्पाद का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य से समझौता नहीं : विभाग
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मिलावटी और अमानक डेयरी उत्पादों के खिलाफ जिले में जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई