सारंगढ़ : सरकारी स्कूल में प्यून की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार

SHARE:

एक साल से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था आरोपी, 35 हजार रुपये नगद सहित मोबाइल और बैंक पासबुक बरामद

सारंगढ़। सिटी कोतवाली पुलिस ने सरकारी स्कूल में प्यून की नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले फरार आरोपी को कोरबा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 35 हजार रुपये, मोबाइल फोन और बैंक पासबुक बरामद की है।

नौकरी दिलाने का झांसा देकर लिए थे 1 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, आरोपी गौरीशंकर नारंग (44 वर्ष), निवासी रजगामार, थाना बालकोनगर, जिला कोरबा ने वर्ष 2019 में महेश राम चौहान को अपने प्रभाव का हवाला देते हुए एक महीने के भीतर शासकीय स्कूल में प्यून की नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। इसके एवज में आरोपी ने उससे 1 लाख रुपये ले लिए थे। नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी।

सारंगढ़ थाने में दर्ज हुआ था अपराध

मामले की जांच के बाद रजगामार चौकी में जीरो पर अपराध दर्ज कर प्रकरण को सारंगढ़ सिटी कोतवाली भेजा गया। यहां 6 मई 2025 को आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। अपराध दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस टीम ने कोरबा से दबोचा

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय तथा डीएसपी संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने आरोपी गौरीशंकर नारंग को कोरबा से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में ठगी करना स्वीकार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने महेश चौहान से नौकरी लगवाने के नाम पर 1 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन और बैंक पासबुक जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई