Haryana Commonwealth Games : कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा का जलवा, 11 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मंत्री अरविंद शर्मा ने दी बधाई

SHARE:

चंडीगढ़। कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 11 पदक जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और परिजनों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया।

हरियाणा की खेल प्रतिभा ने फिर लहराया परचम

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। सात स्वर्ण पदकों समेत 11 पदक जीतना हरियाणा की मजबूत खेल संस्कृति का प्रमाण है।

बेटियों ने भी बढ़ाया प्रदेश का मान

मंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि में हरियाणा की महिला खिलाड़ियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि अवसर और बेहतर सुविधाएं मिलने पर वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। उनकी उपलब्धियां प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा हैं।

खेलो इंडिया जैसी योजनाओं से मिल रहा प्रोत्साहन

डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। खेलो इंडिया जैसी योजनाओं और खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन से देश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

गांवों से निकलकर विश्व मंच तक पहुंच रहे खिलाड़ी

मंत्री ने कहा कि हरियाणा के गांवों और छोटे शहरों से निकलकर खिलाड़ी आज अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तिरंगे की शान बढ़ा रहे हैं। खिलाड़ियों की यह सफलता प्रदेश की मेहनत, इच्छाशक्ति और मजबूत खेल परंपरा को दर्शाती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम विश्व स्तर पर रोशन करते रहेंगे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई