कवर्धा। सावन माह के प्रथम सोमवार पर कबीरधाम जिला भगवान शिव की भक्ति में डूबा नजर आया। हजारों श्रद्धालुओं के “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। वर्षों पुरानी परंपरा के तहत बूढ़ा महादेव मंदिर से ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर तक 18 किलोमीटर लंबी भव्य पदयात्रा निकाली गई।
बूढ़ा महादेव मंदिर से शुरू हुई यात्रा
सुबह बूढ़ा महादेव मंदिर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद हजारों शिवभक्त कांवड़ और भगवा ध्वज लेकर भोरमदेव धाम के लिए रवाना हुए। पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं में उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी हुए शामिल
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी इस ऐतिहासिक पदयात्रा में श्रद्धालुओं के साथ पैदल शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धा भाव से भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए भोरमदेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
भोरमदेव धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन के पहले सोमवार पर भोरमदेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए।














































