विजयनगरम (आंध्र प्रदेश), 1 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में नवनिर्मित अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। लगभग 4,727 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण महज 31 महीनों में पूरा किया गया है।
पहले चरण में 60 लाख यात्रियों की क्षमता
एयरपोर्ट को पहले चरण में प्रति वर्ष 60 लाख (6 मिलियन) यात्रियों की क्षमता के साथ विकसित किया गया है। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार मास्टर प्लान के अनुसार इसकी क्षमता को बढ़ाकर प्रति वर्ष 4 करोड़ (40 मिलियन) यात्रियों तक किया जाएगा।
उत्तर आंध्र के विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर आंध्र क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा राज्य के विमानन क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
उद्घाटन के बाद किया टर्मिनल का निरीक्षण
प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह करीब 11 बजे एयरपोर्ट के अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ एयरपोर्ट परिसर एवं विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया।















































