रायगढ़, 31 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। साइबर, कोतवाली और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार के अड्डों का भंडाफोड़ किया।
दो महिलाओं सहित चार आरोपी गिरफ्तार
प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं दो नाबालिग बालिकाओं को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 और पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
लालटंकी दानीपारा में पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि लालटंकी दानीपारा स्थित एक मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक पाइंटर ग्राहक को भेजा।
संकेत मिलते ही साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मकान संचालिका लक्ष्मी शर्मा (46 वर्ष) को पकड़ा गया।
मौके से नकद राशि और मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान लक्ष्मी शर्मा के कब्जे से पाइंटर ग्राहक को दी गई 1500 रुपये की राशि (500-500 रुपये के तीन नोट) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
मकान के एक कमरे में ऋषभ शर्मा (24 वर्ष) एक नाबालिग बालिका के साथ मिला, जबकि दूसरे कमरे से एक अन्य नाबालिग बालिका मिली। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद करने का दावा किया है।
आगे की जांच जारी
पुलिस द्वारा मामले में अन्य संभावित कड़ियों की जांच की जा रही है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बच्चों के शोषण तथा अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।















































