रायगढ़। जिले के तराईमाल स्थित बीएस प्लांट के लेबर क्वार्टर में रहने वाले एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। श्रमिक रात में सोया था, लेकिन देर रात उसकी पत्नी ने जगाने की कोशिश की तो वह अचेत अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी ने जगाया तो नहीं मिला कोई जवाब
मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम कचकलिया निवासी गनेश सिदार (32), पिता शहद राम सिदार, पिछले कई महीनों से बीएस प्लांट में मजदूरी कर रहा था। वह अपनी पत्नी के साथ प्लांट के लेबर क्वार्टर में रहता था।
बताया गया कि बुधवार रात करीब 8 बजे वह सोने चला गया। देर रात पत्नी ने भोजन के लिए जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने आसपास के अन्य श्रमिकों को सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अन्य श्रमिकों की मदद से गनेश सिदार को रात करीब 2 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
अस्पताल से सूचना मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।















































