सक्ती : दमाऊधारा झरने में दुर्ग का युवक बहा, SDRF-DRRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

SHARE:

सक्ती। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा झरने में मंगलवार कोबड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने आए दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवक प्रतीक कंवर तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, DDRF और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

दोस्तों के साथ घूमने आया था युवक

जानकारी के अनुसार नगरदा थाना क्षेत्र स्थित दमाऊधारा में दुर्ग-भिलाई निवासी प्रतीक कंवर अपने पांच दोस्तों उदय साहू, चेलक लहरे, तेजस साहू, साहिल राव और योगेश वर्मा के साथ घूमने पहुंचा था।

सभी दोस्त सोमवार को रैनखोल पर्यटन स्थल गए थे और मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दमाऊधारा पहुंचे थे।

नहाते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि चार युवक झरने के ऊपरी हिस्से में नहा रहे थे, जबकि दो साथी नीचे मौजूद थे। इसी दौरान प्रतीक कंवर का पैर फिसल गया और वह तेज पानी के बहाव में बहते हुए गहरे पानी में चला गया।

साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल नगरदा पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

घंटों चला रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और जांजगीर-चांपा से DDRF एवं SDRF की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कई घंटों तक युवक की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है। बुधवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।

प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील

बारिश के मौसम में झरनों और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से पर्यटन स्थलों पर सतर्क रहने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई