एकलव्य संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से की चर्चा, कहा- प्रतिभा अवसर और संकल्प से निखरती है

SHARE:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित एकलव्य संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों से नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से जनजातीय समाज के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि यदि अवसर, बेहतर संसाधन और मजबूत संकल्प मिले तो प्रतिभा किसी भी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आदिवासी अंचलों के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।

निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास है सफलता का मंत्र

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपके विद्यालय का नाम ‘एकलव्य’ है और भारतीय इतिहास में एकलव्य का स्थान अद्वितीय है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर साधना, अनुशासन और समर्पण के बल पर सफलता हासिल की।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे भी एकलव्य की तरह अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास है।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई