बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की टीम ने एक बड़े कारोबारी के ठिकानों पर संयुक्त कार्रवाई की है। यह छापेमारी देर रात शुरू हुई, जो खबर लिखे जाने तक जारी थी।
आवास और प्रतिष्ठानों में जांच जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसियों की टीम ने जिले के प्रमुख कारोबारी राजकुमार सराफ के आवास और उनसे जुड़े प्रतिष्ठानों पर दबिश दी है। राजकुमार सराफ पीतल उद्योग से जुड़े व्यवसाय का संचालन करते हैं।
दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही टीम
कार्रवाई के दौरान ED और IT के अधिकारी कारोबारी से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच कर रहे हैं। देर रात हुई इस संयुक्त कार्रवाई के बाद जिले के कारोबारी क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है।
कार्रवाई के कारणों का खुलासा नहीं
फिलहाल ED और आयकर विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों या किसी विशेष मामले को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के आधार और संभावित निष्कर्षों की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।















































