धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कहा- राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का निर्णय प्रेरणादायी

SHARE:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के त्यागपत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के प्रत्येक दायित्व का निर्वहन सदैव निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ किया है।

‘राष्ट्रहित के प्रति समर्पण रहा प्रेरणादायी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान की कार्यशैली, संगठनात्मक क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में अहम भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसर सृजित करने में उल्लेखनीय कार्य किया है।

‘नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने पद से त्यागपत्र देना सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों, मर्यादा और उत्तरदायित्व के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इसे सार्वजनिक जीवन में नैतिक आचरण का प्रेरक उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मेंद्र प्रधान के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि राष्ट्रसेवा के उनके प्रयास आगे भी देश के विकास और जनकल्याण को नई दिशा देते रहेंगे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई