दुर्ग। जिले के शिवनाथ नदी के छातागढ़ क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया है। जन्मदिन मनाने पहुंचे दोस्तों के समूह में शामिल दो बच्चे नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है।
जन्मदिन मनाने पहुंचे थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, दुर्ग के उरला निवासी करीब 7 से 8 बच्चे जन्मदिन मनाने के लिए छातागढ़ पहुंचे थे। बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद शाम करीब 4 बजे दो बच्चे शिवनाथ नदी में नहाने के लिए उतर गए।
इसी दौरान दोनों बच्चे नदी के तेज बहाव में फंसकर बहने लगे। किनारे मौजूद एक दोस्त ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन बहाव अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सका।
काफी देर बाद परिजनों को दी सूचना
हादसे के बाद बच्चों ने अपने स्तर पर दोनों दोस्तों की तलाश की। करीब तीन से साढ़े तीन घंटे बाद उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की गई।
रात होने और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण रेस्क्यू अभियान में परेशानी आई। सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया।
एक बच्चे का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
तलाशी अभियान के दौरान 14 वर्षीय रेहान का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं 12 वर्षीय आरव की तलाश अभी जारी है। घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा नदी में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में तेज बहाव वाली नदियों और जल स्रोतों में जाने से बचें।















































