लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में पांगी-उदयपुर मार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कडू नाला के पास चलती टाटा सूमो टैक्सी पर पहाड़ी से भारी चट्टानें और मलबा गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल बताए गए हैं। लाहौल-स्पीति पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है।
चलती टैक्सी पर गिरी पहाड़ी
जानकारी के अनुसार, हादसा उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास हुआ। कुल्लू से पांगी जा रही टाटा सूमो अचानक पहाड़ी से गिरे भारी मलबे और चट्टानों की चपेट में आ गई। हादसे के बाद वाहन पूरी तरह मलबे में दब गया।
सड़क खुलने के बाद निकले थे यात्री
बताया जा रहा है कि उदयपुर–किलाड़ मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। सड़क बहाल होने के बाद शुक्रवार को यात्री पांगी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन कुछ ही दूरी पर यह भीषण हादसा हो गया।
राहत और बचाव अभियान जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे से एक घायल को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य यात्रियों की तलाश और मलबा हटाने का कार्य जारी है।
प्रशासन ने राहत कार्य तेज किए
भरमौर के विधायक जनक राज ने बताया कि चंबा और लाहौल-स्पीति प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान मौसम और भूस्खलन की चेतावनियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।















































