समझौता कराने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, एसीबी ने थाने के भीतर रंगे हाथ दबोचा
रायपुर/बस्तर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
समझौता कराने के नाम पर मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, एक मामले की जांच महिला प्रधान आरक्षक कर रही थीं। आरोप है कि दो पक्षों के बीच समझौता कराने और मामले में मदद करने के नाम पर उन्होंने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने पर एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे नोट महिला प्रधान आरक्षक को सौंपे।
थाने के भीतर रंगे हाथ गिरफ्तार
जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि अपने कब्जे में ली, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने कोड़ेनार थाना परिसर के भीतर ही उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आगे की कार्रवाई जारी
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में विस्तृत जानकारी एसीबी द्वारा आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी।















































