छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नगरनार पुलिस की कार्रवाई, 5.84 लाख रुपये का गांजा बरामद
बस्तर। बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर 11 किलो 673 ग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5.84 लाख रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 21 जुलाई को सूचना मिली थी कि धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास दो युवक संदिग्ध स्थिति में बैग लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगरनार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
बैग से मिला 11.673 किलो गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान ललित कुशुलिया और बिरन्ची गोरोडिया, निवासी जिला रायगढ़ा (ओडिशा) के रूप में बताई। पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली, जिसमें 10 पैकेटों में 11 किलो 673 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत 5 लाख 83 हजार 650 रुपये आंकी गई है।
रायपुर ले जाने की थी तैयारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर ले जा रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।















































