Raigarh Crime : अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 21 चोरी की बाइक बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 9 लाख रुपये की मोटरसाइकिलें जब्त

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना चक्रधरनगर पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

कमला नेहरू गार्डन के सामने से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर बाइक की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मेडिकल कॉलेज रोड पर दो युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर अनिल मिश्रा और अमृत बहादुर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों बोलो निषाद, चंद्रकुमार तिवारी और चंदन राय के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

रायगढ़, कोरबा, सक्ती और ओडिशा से चोरी की गई थीं बाइक

पूछताछ में आरोपियों ने रायगढ़, कोरबा, सक्ती जिले के डभरा एवं मालखरौदा क्षेत्र तथा ओडिशा के बरगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों से संगठित तरीके से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है।

वाहन चोरी की शिकायत से खुला पूरा गिरोह

मामले की शुरुआत कमला नेहरू पार्क के सामने से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की शिकायत से हुई थी। जांच के दौरान गिरोह के संगठित रूप से वाहन चोरी करने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ीं।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल मिश्रा (38), बोलो निषाद (38), अमृत बहादुर (37), चंद्रकुमार तिवारी (37) और चंदन राय (24) शामिल हैं। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार अनिल मिश्रा और चंदन राय के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कमला नेहरू पार्क जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी कर विशेष रूप से हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। लॉक तोड़कर वाहन चोरी करने के बाद उन्हें अन्य जिलों और राज्यों में बेच दिया जाता था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई