उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सरकार के निर्णय पर जताया आभार
रायपुर, 11 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
156 खिलाड़ियों को मिलेगा शासकीय सेवा का लाभ
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर उन्हें शासकीय सेवा में लाभ देने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति नई प्रेरणा मिलेगी। इसे खेल प्रतिभाओं के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया गया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन, प्रोत्साहन और सम्मान मिल सके।
खेल संस्कृति को मिलेगी नई ऊर्जा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में अवसर देने का निर्णय युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
खेल अधोसंरचना की भी सराहना
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।















































