रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्रीडी इनोवेशन फैक्ट्री में मंगलवार शाम हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि मृतकों के शरीर के अंग करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
तीन मजदूरों की गई जान
हादसे में गंभीर रूप से घायल कमल सिंह (25) ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि लाल सिंह और अरुण पांडे (19) की मौके पर ही मौत हो गई। कमल सिंह और लाल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के निवासी थे, जबकि अरुण पांडे छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था।
ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट से हुआ हादसा
नॉर्थ जोन डीसीपी मयंक गुर्जर के अनुसार, फैक्ट्री के फर्नेस सेक्शन में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ। विस्फोट की चपेट में आसपास काम कर रहे मजदूर आ गए। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और फैक्ट्री परिसर धुएं से भर गया।
फैक्ट्री में बिखरे मिले शवों के अवशेष
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट बेहद भयावह था। मृतकों के शरीर के अंग फैक्ट्री परिसर में अलग-अलग स्थानों पर बिखरे मिले। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहत दल ने क्षेत्र को घेरकर बचाव कार्य शुरू किया।
राहत और बचाव कार्य जारी, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही उरला पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और फैक्ट्री प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। डीसीपी, एडीसीपी नॉर्थ और एसीपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है और सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की जा रही है।
फैक्ट्री में होता है पिग आयरन का निर्माण
जानकारी के अनुसार, थ्रीडी इनोवेशन फैक्ट्री में पिग आयरन (कच्चा लोहा) का निर्माण किया जाता है, जिसका उपयोग वाहनों के विभिन्न पुर्जों के निर्माण में किया जाता है। हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।















































