डूमरतराई थोक बाजार : 8 जुलाई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे अत्याधुनिक व्यापारिक परिसर का लोकार्पण

SHARE:

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा रायपुर के डूमरतराई में विकसित अत्याधुनिक नवीन थोक बाजार का नामकरण एवं लोकार्पण समारोह अब 8 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का लोकार्पण कर इसे प्रदेशवासियों और व्यापारियों को समर्पित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओपी चौधरी करेंगे।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम हुआ था स्थगित
उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम पहले 5 जुलाई 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यह समारोह 8 जुलाई को आयोजित किया जा रहा है।

36 एकड़ में विकसित हुआ अत्याधुनिक बाजार
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह नवीन थोक बाजार व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात व्यवस्था, सुव्यवस्थित व्यापारिक अधोसंरचना और आवश्यक नागरिक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।

प्रदेश के व्यापार को मिलेगी नई गति
डूमरतराई थोक बाजार रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापारिक विकास को नई दिशा देगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह परिसर व्यापारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक वातावरण उपलब्ध कराएगा।

दो चरणों में हुआ निर्माण कार्य
परियोजना का विकास चरणबद्ध रूप से किया गया है। प्रथम चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें एवं हॉल बनाए गए हैं। वहीं द्वितीय चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
लोकार्पण एवं नामकरण समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
डूमरतराई का नवीन थोक बाजार छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की गुणवत्ता और नवाचार का उदाहरण है। यह परियोजना आने वाले समय में प्रदेश के व्यापार, निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को नई मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई