दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था युवक, टापू पर जाने के दौरान हुआ हादसा; नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने बरामद किया शव
कोरबा। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने सतरेंगा पहुंचे SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार देर शाम नगर सेना की टीम ने युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टापू पर जाने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने छह दोस्तों के साथ सतरेंगा पिकनिक मनाने गया था। समूह में तीन युवतियां भी शामिल थीं।
बताया जा रहा है कि सभी ने पानी के बीच बने टापू पर जाकर सेल्फी लेने की योजना बनाई थी, लेकिन युवतियों और एक अन्य युवक ने वहां जाने से मना कर दिया। इसके बाद सुभांशु और उसका एक दोस्त टापू की ओर जाने लगे। उसका दोस्त तैरकर पहले टापू तक पहुंच गया, जबकि सुभांशु बीच रास्ते से वापस लौटने लगा। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूब गया।
बारिश के कारण बढ़ा नदी का जलस्तर
पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। बताया जा रहा है कि पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
दिनभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही श्यांग पुलिस और लेमरू थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी युवक को बचाने का प्रयास किया और काफी देर तक नदी में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रात होने और नदी में तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा खोजबीन शुरू की। दिनभर की कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया।
परिवार का इकलौता कमाने वाला था युवक
सुभांशु ध्रुव की मौत परिवार के लिए बड़ा सदमा है। चार साल पहले उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति के तहत SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई साल से SECL कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था। परिवार का एकमात्र कमाने वाला बेटा होने के कारण उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।















































