चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में देर रात हुआ हादसा, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रायगढ़। जिले में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के तिलगा मेन रोड की है, जहां एक युवक की बाइक सामने जा रही ट्रेलर से पीछे से टकरा गई।
काम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम तिलगा निवासी वृंदावन राठिया (27 वर्ष) पिता मनमोहन राठिया, जो राजमिस्त्री का काम करता था, शुक्रवार शाम काम से घर लौटा था। कुछ देर बाद वह बाइक से बाल कटवाने पतरापाली गया और रात करीब 8 से 9 बजे के बीच घर लौट रहा था।
इसी दौरान तिलगा मेन रोड पर अंधेरे के कारण सामने चल रही ट्रेलर दिखाई नहीं दी और उसकी बाइक पीछे से टकरा गई।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में मौत
टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन उसे रात करीब 10 बजे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना पर चक्रधरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।















































