रायगढ़ नगर निगम की बैठक: मानसून में सफाई व्यवस्था को लेकर महापौर सख्त, लापरवाही पर चेतावनी

SHARE:

नालियों की सफाई, कचरा उठाव और जलभराव रोकने के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायगढ़। मानसून के दौरान शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम कार्यालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर जीवर्धन चौहान ने की, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सफाई दरोगा और सफाई ठेकेदार मौजूद रहे।

शहर की सफाई व्यवस्था पर विस्तृत समीक्षा

बैठक में शहर के सभी वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई, कचरा उठाव, जलभराव की स्थिति और स्वच्छता से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि बरसात के मौसम में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वार्डों में समय पर नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए, कहीं भी कचरे का ढेर न लगे और नियमित रूप से कूड़ा उठाव किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

महापौर जीवर्धन चौहान ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।

स्वच्छ रायगढ़ बनाने का संकल्प

महापौर ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ रायगढ़ का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। नागरिकों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्वास्थ्य अधिकारी, विभागीय कर्मचारी, सफाई दरोगा और ठेकेदार उपस्थित रहे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई