ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता : मानव तस्करी मामले में 4 साल से फरार आरोपी रामा चौहान गिरफ्तार

SHARE:

रायगढ़। रायगढ़ जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी के गंभीर मामले में लगभग चार वर्ष से फरार आरोपी रामा चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

17 वर्षीय बालिका के अपहरण से खुला मानव तस्करी का मामला

पुलिस के अनुसार, 28 जून 2022 को थाना धरमजयगढ़ में एक 17 वर्षीय बालिका के गुम होने की रिपोर्ट उसके पिता ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बालिका 23 जून 2022 की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/2022 दर्ज कर जांच शुरू की।

मध्यप्रदेश में ट्रेन से मिली बालिका

विवेचना के दौरान अपहृत बालिका मध्य प्रदेश के अनूपपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को ट्रेन में दो संदिग्धों— हीरालाल चौहान और देवलाल तिग्गा— के साथ मिली। सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने बालिका को सुरक्षित बरामद किया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अपने साथियों रामपाल यादव और रामा चौहान के साथ मिलकर बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर शादी के नाम पर ₹20,000 में बेचने की साजिश रची थी।

तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार, चौथा था फरार

प्रकरण में मानव तस्करी सहित अपहरण और आपराधिक षड्यंत्र की गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। वर्ष 2022 में ही हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा और रामपाल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि रामा चौहान लगातार फरार चल रहा था।

जशपुर से दबोचा गया आरोपी

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गृहग्राम जोराडोल, जिला जशपुर पहुंचा है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:
रामा चौहान, पिता शिवनंदन चौहान, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जोराडोल, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, महिला आरक्षक सोनम भगत और आरक्षक अलेक्सियुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा,
“मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत वर्षों से फरार अपराधियों की भी लगातार तलाश कर गिरफ्तारी की जा रही है। रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधों के खिलाफ पूरी कठोरता से कार्रवाई जारी रखेगी।”

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई