खनिज विभाग की छापेमारी से माफियाओं में हड़कंप, थाना धरमजयगढ़ में वाहन जब्त
रायगढ़। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के कोयलार गांव के पास मांड नदी में अवैध उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन और एक हाईवा वाहन को खनिज विभाग ने जब्त किया है।
यह कार्रवाई खनिज विभाग के इंस्पेक्टर सोमेश सिन्हा के नेतृत्व में की गई।
मौके से मशीन और हाईवा जब्त
जानकारी के अनुसार, जब्त हाईवा वाहन का मालिक चन्द्रकांत राठौड़ बताया जा रहा है, जो कोसाबाड़ी (कोरबा) का निवासी है।
छापेमारी के दौरान हाईवा को धरमजयगढ़ थाना लाया गया, जबकि चैन माउंटेन मशीन को नदी घाट पर ही सील कर दिया गया।
अवैध उत्खनन पर सख्ती जारी
खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लगातार हो रही कार्रवाई से खनिज माफियाओं में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।















































