बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 930 पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जमहि टोल प्लाजा और गुजरा गांव के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
एक युवक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त बाकी
मृतकों में एक की पहचान ग्राम गुजरा निवासी डोमेन्द्र यादव के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों का आक्रोश, हाईवे पर किया चक्काजाम
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर शवों को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे 930 पर चक्काजाम कर दिया। इससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
दोनों शवों को जिला अस्पताल की मरचुरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।














































