रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध कबाड़ और औद्योगिक सामग्री के संग्रहण, परिवहन एवं खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास से 8 टन पॉयलट गोली (कच्चा आयरन) से भरे एक ट्रेलर को जब्त कर दो आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रेलर क्रमांक JH 16 J 6729 में बड़ी मात्रा में संदिग्ध पॉयलट गोली का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ढाबा के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
चालक और वाहन स्वामी से पूछताछ
वाहन की जांच में दो व्यक्ति मौजूद मिले। चालक ने अपनी पहचान नंदू वर्मा (35 वर्ष), निवासी सिटी कोतवाली क्षेत्र के रूप में दी, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम हरेन्द्र कुमार गोंड उर्फ अभय (41 वर्ष) बताया और स्वयं को वाहन स्वामी स्वीकार किया।
तलाशी में ट्रेलर के अंदर लगभग 8 टन पॉयलट गोली लोड पाई गई। पूछताछ में चालक ने इसे पूंजीपथरा क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया, लेकिन दोनों आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
चोरी की संपत्ति होने का संदेह
दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे संदिग्ध और संभावित चोरी की संपत्ति मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(क), 35(ड) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की।
ट्रेलर और माल जब्त
पुलिस ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में ट्रेलर और उसमें लोड 8 टन पॉयलट गोली को जब्त कर लिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई गई है।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब इस पॉयलट गोली के स्रोत, वास्तविक मालिक और अवैध परिवहन से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में चक्रधरनगर थाने में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध कबाड़ और औद्योगिक सामग्री के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।















































