छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, 5 दिनों में 15 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज

SHARE:

राजस्व, नगरीय प्रशासन और ऊर्जा विभाग से जुड़ी सबसे ज्यादा शिकायतें, जनता ने जताया भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में साय सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को जनता से शुरुआती दिनों में ही जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। हेल्पलाइन शुरू होने के मात्र पांच दिनों के भीतर 15,434 लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि नागरिक इस व्यवस्था पर भरोसा जता रहे हैं।

राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग से सबसे अधिक शिकायतें

हेल्पलाइन में सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से जुड़ी दर्ज की गई हैं, जिनकी संख्या 2,470 है। इसके अलावा नगरीय प्रशासन विभाग से 2,058, ऊर्जा विभाग से 1,921, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 1,509 तथा खाद्य विभाग से 1,235 शिकायतें दर्ज की गई हैं।

आम जीवन से जुड़े मुद्दे प्रमुख शिकायतों में शामिल

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों में नामांतरण, जमीन सीमांकन, सड़क निर्माण और मरम्मत, नाली निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट की खराबी, बिजली आपूर्ति में बाधा और राशन वितरण से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। ये सभी मुद्दे सीधे तौर पर आम जनता के दैनिक जीवन को प्रभावित करते हैं।

जनता और प्रशासन के बीच मजबूत संवाद का माध्यम बनी हेल्पलाइन

शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर पहले से अधिक जागरूक हुए हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 अब जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत संवाद माध्यम के रूप में उभर रही है। वहीं, यह व्यवस्था संबंधित विभागों पर समयबद्ध समाधान की जिम्मेदारी भी बढ़ा रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई