रायगढ़। पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में आज 13 जून 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा शाखा प्रभारियों की मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक भी उपस्थित रहे।
आईजी निरीक्षण की तैयारी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर जोर
बैठक की शुरुआत में एसएसपी ने बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के प्रस्तावित जिला निरीक्षण को लेकर सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को कार्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के अद्यतन एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए कहा।
लंबित प्रकरणों की समीक्षा, विवेचना में तेजी के निर्देश
एसएसपी ने पिछली क्राइम मीटिंग के बाद दर्ज नए मामलों और पुराने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। गंभीर अपराधों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी मामलों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाइक चोरी और वाहन अपराधों पर सख्ती
जिले में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए एसएसपी ने विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने साइबर, शहरी थानों और एएसपी को पुराने वाहन चोरों पर निगरानी, तकनीकी संसाधनों का उपयोग तथा अवैध कबाड़ कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके साथ ही फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान को और प्रभावी बनाने तथा “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत अधिक से अधिक गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
महिला अपराधों में संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने महिला थाना की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा में चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।
अवैध गतिविधियों और यातायात व्यवस्था पर निर्देश
बैठक में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब और गांजा के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
तकनीकी जांच और नए आपराधिक कानूनों पर फोकस
एसएसपी ने नेटग्रिड और काईमैक्स पोर्टल के प्रभावी उपयोग, थानों में नए आपराधिक कानूनों के तहत रजिस्टरों के सही संधारण और उनकी नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए साइबर एवं सीसीटीएनएस शाखा से समन्वय बनाए रखने को कहा।
प्रशिक्षु अधिकारियों को दिया मार्गदर्शन
बैठक के अंत में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए एसएसपी ने उन्हें व्यवहारिक प्रशिक्षण पर ध्यान देने और थाना प्रभारियों के साथ रहकर सीखने की प्रेरणा दी। इसके बाद एएसपी अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने प्रशिक्षु अधिकारियों की अलग बैठक लेकर प्रशिक्षण समीक्षा की।















































