रायगढ़। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान, शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप
पुलिस के अनुसार थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती ने 11 जून 2026 को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता की पहचान आरोपी सागर सारथी (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी ग्राम चांदागढ़ (तमता), जिला जशपुर से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।
आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए युवती से शादी का वादा किया और लगातार संपर्क में रहा।
तराईमाल बुलाकर शारीरिक संबंध, बाद में शादी से मुकरा
आरोप है कि 23 जुलाई 2025 को आरोपी ने युवती को तराईमाल बुलाकर लेबर क्वार्टर में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसे पत्नी की तरह रखने का भरोसा दिया। इसके बाद भी वह लगातार शोषण करता रहा।
अगस्त 2025 में युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने जिम्मेदारी से इनकार करते हुए उसे घर भेज दिया।
धमकी और इनकार के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
पीड़िता के अनुसार बाद में आरोपी शादी से मुकर गया और परिजनों द्वारा अन्यत्र विवाह कराने की बात कहने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पूंजीपथरा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर दबिश दी और आरोपी को सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने संबंध और गर्भवती करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















































