अम्बिकापुर (सरगुजा)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का मजबूत माध्यम बनकर उभरी है। इस व्यवस्था के तहत प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण कर लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है।
राजस्व विभाग की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई, डिजिटल किसान किताब जारी
इसी क्रम में सरगुजा जिले में राजस्व विभाग से संबंधित एक शिकायत का शीघ्र निराकरण करते हुए आवेदक को डिजिटल किसान किताब उपलब्ध कराई गई। आवेदक श्री संतोष कुमार रजक ने 10 जून 2026 को टोकन क्रमांक बीबी 260600003692 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि भूमि बंटवारे के बाद संबंधित खातेदार के नाम पर नई ऋण पुस्तिका (किसान किताब) जारी नहीं की गई है।
जांच के बाद रिकॉर्ड सही पाए गए, तुरंत भेजी गई डिजिटल कॉपी
शिकायत मिलने के बाद तहसील कार्यालय अम्बिकापुर द्वारा मामले की जांच कराई गई। हल्का पटवारी के प्रतिवेदन में पाया गया कि ग्राम मेण्ड्राकला स्थित खसरा क्रमांक 332/2, 338/4, 444/3 एवं 456/3 की भूमि राजस्व अभिलेखों में विधिवत दर्ज है। जांच पूरी होने के बाद आवेदक की डिजिटल किसान किताब तैयार कर उनके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दी गई।
आवेदक ने जताया संतोष, हेल्पलाइन सेवा की सराहना
शिकायत के त्वरित समाधान के बाद आवेदक श्री संतोष कुमार रजक ने संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से आम नागरिकों को बिना कार्यालयों के चक्कर लगाए त्वरित समाधान मिल रहा है।
जनहित में प्रभावी साबित हो रही हेल्पलाइन 1076
यह मामला दर्शाता है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शासन की जनहितकारी पहलें सीधे आम नागरिकों तक पहुंच रही हैं। समयबद्ध कार्रवाई से न केवल पारदर्शिता बढ़ रही है, बल्कि लोगों का प्रशासन पर भरोसा भी मजबूत हो रहा है।















































